मां यमुना अब खरसाली में देंगी दर्शन, छह माह बाद शीतकाल के लिए बंद हुए कपाट

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर सुबह 10:28 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। भक्तों ने मां यमुना के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा में यमुनोत्री धाम की ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया।

इससे पहले सुबह खरसाली स्थित शनि समेश्वर मंदिर से शनि देव की डोली पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच कपाट बंद करने की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली यात्रा के माध्यम से उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव पहुंचाया जाएगा। अब आगामी शीतकाल में श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना मंदिर में ही मां के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

गौरतलब है कि यमुनोत्री धाम के कपाट इस वर्ष 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। छह माह तक चली यात्रा के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन के लिए धाम पहुंचे। कपाट बंद होने के साथ ही अब मां यमुना की पूजा-अर्चना शीतकालीन प्रवास खरसाली में संपन्न होगी।

Ad