बंदरों के आतंक और बदहाल सड़कों का मुद्दा वन मंत्री के सामने उठाया
बंदरों की समस्या और वन विभाग की सड़कों का मुद्दा वन मंत्री के समक्ष उठाया, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने की मुलाकात
ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक और वन विभाग के अधीन आने वाली सड़कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वन मंत्री सुबोध उनियाल के समक्ष उठाया।
गत दिवस ऋषिकेश में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने वन मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में बंदरों की बढ़ती संख्या के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बंदरों के हमलों और उत्पात से विशेषकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भयभीत हैं। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।इसके अलावा उन्होंने वन विभाग के अधीन आने वाली सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण का मुद्दा भी उठाया। डॉ. अग्रवाल ने इन कार्यों के लिए कैम्पा (CAMPA) योजना के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
विधायक के आग्रह पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने तत्काल संबंधित डीएफओ से फोन पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों और शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे।


