नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टेनिस चैंपियनशिप में दम दिखाएगी गढ़वाल विश्वविद्यालय की टीम
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की लॉन टेनिस टीम अंतर विश्वविद्यालयी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार है। नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टेनिस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए विश्वविद्यालय की टीम हरियाणा के मुरथल पहुंच गई है। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 15 नवंबर तक दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में किया जा रहा है।
मंगलवार को गढ़वाल विश्वविद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर अपनी रिपोर्टिंग प्रक्रिया पूरी की। इसके साथ ही टीम आगामी मुकाबलों के लिए तैयारियों में जुट गई है। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी, जहां खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता और प्रदर्शन दिखाने का अवसर मिलेगा।
टीम के साथ मैनेजर डॉ. एलके कंडारी और कोच रेखा भी मौजूद हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मुकाबलों में उतरेंगे।
पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की टीम का प्रदर्शन अब खेल प्रेमियों के लिए उत्सुकता का विषय रहेगा।


