शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, जयकारों के बीच ऊखीमठ रवाना हुई पंचमुखी डोली

खबर शेयर करें -

रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी रही। बाबा केदार के जयकारों के बीच भगवान की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए अपनी यात्रा शुरू की।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत बुधवार तड़के चार बजे से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह छह बजे मुख्य पुजारी की ओर से गर्भगृह में समाधि पूजा की विधि संपन्न कराई गई। धार्मिक अनुष्ठान पूरे होने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए गए। इसके पश्चात बदरी-केदार मंदिर समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मंदिर के मुख्य द्वार को भी बंद किया गया।

कपाट बंद होने के बाद पंचमुखी डोली को मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच गौरीकुंड के लिए रवाना किया गया। डोली यात्रा के पहले पड़ाव पर रात्रि विश्राम रामपुर में होगा। इसके बाद 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान होगी।

इसके साथ ही केदारनाथ धाम की नियमित ग्रीष्मकालीन पूजा परंपरा का समापन हो जाएगा। अब अगले छह महीने तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा ओंकारेश्वर मंदिर में विधि-विधान से संपन्न की जाएगी। कपाट बंद होने के साथ ही केदारनाथ धाम की यात्रा का इस वर्ष का एक महत्वपूर्ण अध्याय भी पूरा हो गया।

Ad