गढ़ी कैंट में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, 14 लाख से अधिक की योजनाओं का गणेश जोशी ने किया शिलान्यास

खबर शेयर करें -

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के गढ़ी कैंट में स्थानीय सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में तीन विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गणेश जोशी ने मंगलवार को 14 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

गढ़ी कैंट स्थित सत्यनारायण मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इन योजनाओं की आधारशिला रखी गई। सभी कार्य विधायक निधि के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत किए गए हैं। प्रस्तावित निर्माण कार्यों में डाकरा क्षेत्र के शास्त्री नगर में 50 हजार रुपये की लागत से सीसी मार्ग बनाया जाएगा। वहीं, सार्वजनिक पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए 2.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा सत्यनारायण मंदिर परिसर में 11 लाख रुपये की लागत से टिन शेड का निर्माण कराया जाएगा। इन तीनों परियोजनाओं पर कुल 14 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर इन कार्यों को क्षेत्र की जरूरतों से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनता की सेवा तथा राज्य के समग्र विकास के लक्ष्य के साथ काम कर रही हैं। सरकार का प्रयास है कि गांवों और शहरी क्षेत्रों तक सड़क, सुरक्षा और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जाएं।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरंग, विष्णु गुप्ता, मेघा भट्ट और जयराम सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

Ad