एशियन चैंपियनशिप में पदक की उम्मीदों के साथ यूएई रवाना हुई उत्तराखंड की 13 सदस्यीय टीम

खबर शेयर करें -

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तराखंड के खिलाड़ी एक बार फिर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। माडर्न पेंटाथलान की एशियन चैंपियनशिप में पदक हासिल करने के इरादे से प्रदेश की 13 सदस्यीय टीम 10 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए रवाना हो गई। टीम में नैनीताल जिले के पांच खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यूएई में 2026 एएमपीसी एशियन ओपन बायथल, ट्रायथल और लेजर रन चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आगाज 12 नवंबर को एशियन ओपन लेजर रन चैंपियनशिप के साथ होगा। इसके बाद 13 से 15 नवंबर तक बायथल और ट्रायथल की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में एशियाई देशों के खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

उत्तराखंड की टीम में आदित्य नेगी, करण नेगी, यशवर्धन सिंह चौहान, युक्ति चतुर्वेदी, शौर्य पटेल, ममता खाती, डिंपल और दीपांशी भारद्वाज शामिल हैं। वहीं नैनीताल जिले से भार्गवी रावत, रघुवर्धन जोशी, अंश बिष्ट, कनिष्क जोशी और तनिष्क जोशी को टीम में स्थान मिला है।

प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा और मेहनत को साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। 13 सदस्यीय दल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। अब सभी की निगाहें यूएई में होने वाली इन स्पर्धाओं पर टिकी हैं, जहां उत्तराखंड के खिलाड़ी पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे।

Ad