16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, 12 नवंबर से शुरू होंगी पंच पूजाएं
चमोली। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इससे पहले कपाट बंद करने की पारंपरिक प्रक्रिया के तहत 12 नवंबर से पंच पूजाओं का आयोजन शुरू होगा। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, पंच पूजाओं का शुभारंभ 12 नवंबर को भगवान गणेश के कपाट बंद करने के साथ होगा। इसके अगले दिन यानी 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे।
धार्मिक परंपराओं के क्रम में 14 नवंबर को वेदों से संबंधित खड्ग पुस्तक पूजा और ऋचाओं के वाचन की प्रक्रिया संपन्न होगी। वहीं, 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इन सभी धार्मिक अनुष्ठानों के बाद 16 नवंबर की रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
पंच पूजाओं का संपादन बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया की ओर से किया जाएगा।
कपाट बंद होने के अगले दिन 17 नवंबर की सुबह धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान बदरीविशाल से जुड़ी उत्सव डोलियां और गद्दियां शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी। इस दौरान रावल, श्री उद्धव जी, श्री कुबेर जी, आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी और विष्णु वाहन श्री गरुड़ जी समारोहपूर्वक धाम से प्रस्थान करेंगे।
पंच पूजाओं के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं अधिकारी मौजूद रहेंगे। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के साथ ही बदरीनाथ धाम की छह माह की शीतकालीन धार्मिक परंपराओं का सिलसिला शुरू हो जाएगा।


