रेखा आर्या प्रकरण में वायरल ऑडियो की होगी जांच, आवाज के नमूने से खुलेगा राज
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े धोखाधड़ी और उत्पीड़न के मामले में वायरल ऑडियो की जांच को लेकर एसआईटी ने कार्रवाई तेज कर दी है। ऑडियो में किसकी आवाज है और रिकॉर्डिंग कितनी प्रमाणिक है, इसका पता लगाने के लिए जांच टीम अब आरोपित गिरधारी लाल साहू की आवाज का नमूना लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए न्यायालय से अनुमति मांगी जाएगी।
एसआईटी ऑडियो की वास्तविकता की पुष्टि के लिए उसे फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजेगी। यहां विशेषज्ञ रिकॉर्डिंग की तकनीकी जांच करेंगे। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि ऑडियो में किसी तरह की एडिटिंग, काट-छांट या अन्य छेड़छाड़ तो नहीं की गई है। आवाज के नमूने और वायरल रिकॉर्डिंग का मिलान होने के बाद जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती है।
दरअसल, वायरल ऑडियो में एक महिला के साथ बातचीत के दौरान पत्नी को लेकर चर्चा होने का दावा किया गया था। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पुलिस को दी गई शिकायत में इस ऑडियो का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया था कि उनके पति उन्हें जान से मारने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी।
मामले की जांच कर रही एसआईटी ने मंत्री के बयान दर्ज करने के दौरान संबंधित ऑडियो को अपने कब्जे में लिया था। अब जांच टीम इसकी आवाज और तकनीकी प्रमाणिकता की पड़ताल करने में जुटी है।
एसआईटी की आगामी कार्रवाई में गिरधारी लाल साहू की आवाज का नमूना और एफएसएल की रिपोर्ट अहम भूमिका निभा सकती है। हालांकि, ऑडियो की वास्तविकता और उसमें मौजूद आवाज की पहचान की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


