दिसंबर में फिर गुलजार होगा रामझूला पुल, दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी होगी शुरू
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश और स्वर्गाश्रम के बीच आवागमन का प्रमुख माध्यम रहा रामझूला पुल जल्द ही नए रूप में नजर आएगा। पुल की मरम्मत का काम दिसंबर में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद पैदल यात्रियों के साथ दोपहिया वाहन भी एक बार फिर इस पुल से गुजर सकेंगे। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा मरम्मत कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है।
गंगा नदी पर बना करीब 220 मीटर लंबा रामझूला पुल वर्ष 1985 में तैयार किया गया था। शुरुआत में इसका निर्माण केवल पैदल यात्रियों की आवाजाही के उद्देश्य से हुआ था, लेकिन समय के साथ इस पर दोपहिया वाहनों का संचालन भी शुरू कर दिया गया। यह पुल टिहरी जिले के मुनिकीरेती क्षेत्र को पौड़ी जिले के स्वर्गाश्रम से जोड़ता है। स्थानीय निवासियों के अलावा पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी यह आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है।
समय के साथ पुल पर बढ़ते यातायात का दबाव इसकी संरचना के लिए चुनौती बनने लगा। लक्ष्मणझूला पुल पर आवाजाही बंद होने के बाद रामझूला पर भीड़ और अधिक बढ़ गई। इस दौरान पुल की तीन सस्पेंडर वायर टूटने की जानकारी सामने आई। वर्ष 2021 में लोक निर्माण विभाग की विशेषज्ञ टीम ने पुल पर आवाजाही बंद करने अथवा सीमित करने का सुझाव दिया था। हालांकि, वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण यहां आवागमन जारी रहा।
सुरक्षा को देखते हुए करीब तीन वर्ष पहले पुल पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। इसके बाद इसी वर्ष कांवड़ यात्रा से पहले पैदल आवाजाही भी बंद कर दी गई। कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कराया।
फिलहाल पुल पर सस्पेंडर वायर लगाने सहित अन्य जरूरी मरम्मत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। विभागीय कार्य पूरा होने के बाद पुल को दोबारा पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है। दिसंबर में मरम्मत पूरी होने के साथ ही मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम के बीच आवागमन पहले की तरह सुगम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही ऋषिकेश पहुंचने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।


