फूलों से सजा मां यमुना का धाम, 11 नवंबर को संपन्न होगी यात्रा

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारधामों में शामिल यमुनोत्री धाम में शीतकालीन अवकाश की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार, 11 नवंबर को भैया दूज के पावन अवसर पर विधि-विधान के साथ यमुनोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने से पहले धाम को भव्य रूप देने के लिए करीब तीन कुंतल फूलों से आकर्षक सजावट की गई है।

दीपावली के उत्सव और कपाट बंदी की तैयारियों के बीच यमुनोत्री धाम में विशेष रौनक देखने को मिल रही है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। फूलों की सजावट से धाम की सुंदरता और बढ़ गई है। इस दौरान मंदिर में धार्मिक परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कपाट बंद करने की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

भैया दूज के अवसर पर कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यमुनोत्री धाम की यात्रा का समापन हो जाएगा। इसके बाद शीतकाल के दौरान मां यमुना की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थल पर की जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी कपाट बंदी के साथ चारधाम यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों में से एक यमुनोत्री धाम शीतकालीन विश्राम की ओर बढ़ जाएगा।

Ad