मेघालय में होंगे 39वें राष्ट्रीय खेल, 39 स्पर्धाओं में दम दिखाएंगे खिलाड़ी; उत्तराखंड के लिए स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग नई चुनौती

खबर शेयर करें -

देहरादून: 39वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर तैयारियां तेज होने लगी हैं। अगले वर्ष मेघालय में आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ में मुए थाई और स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग समेत कुल 39 खेलों को शामिल किया गया है। वहीं सॉफ्टबॉल को प्रदर्शन खेल (डेमो स्पोर्ट्स) के तौर पर जगह दी गई है। खेलों की सूची सामने आने के बाद उत्तराखंड ने भी अपने खिलाड़ियों की तैयारियों और संभावनाओं पर काम शुरू कर दिया है।

मेघालय में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 10 से 30 मार्च तक प्रस्तावित है। इस बार की खेल सूची में शामिल स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए नया अनुभव होगा। हालांकि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां और पर्वतीय परिवेश इस खेल से जुड़ी गतिविधियों के लिए अनुकूल माने जाते हैं, लेकिन प्रतियोगिता के स्तर पर खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण और तकनीकी तैयारी की जरूरत होगी।

राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार ने खेल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा भी खेल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। प्रदेश का प्रयास आगामी प्रतियोगिता में पिछले प्रदर्शन को और बेहतर बनाने का रहेगा।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में मेजबान प्रदेश ने पदक तालिका में सातवां स्थान हासिल किया था। इस प्रदर्शन में मॉडर्न पेंटाथलॉन की अहम भूमिका रही, जिसमें प्रदेश के खिलाड़ियों ने 14 पदक अपने नाम किए थे।

वहीं मुए थाई में भी उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। हल्द्वानी में जून महीने में आयोजित राष्ट्रीय यूथ मुए थाई चैंपियनशिप में प्रदेश के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण सहित कुल 12 पदक जीते थे। ऐसे में 39वें राष्ट्रीय खेलों में इस स्पर्धा से भी उत्तराखंड को पदक की उम्मीद रहेगी।

अब मेघालय में होने वाले राष्ट्रीय खेलों को देखते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों के सामने अपने कौशल को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन दोहराने का अवसर होगा। खासतौर पर नए खेलों में भागीदारी उत्तराखंड के खेल परिदृश्य के लिए एक नया अनुभव साबित हो सकती है।

Ad