गंगोत्री धाम के कपाट आज होंगे बंद, छह महीने तक मुखबा में होंगे मां गंगा के दर्शन
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के चारधामों में शीतकालीन प्रवास की परंपरा के तहत कपाट बंद होने का सिलसिला मंगलवार से शुरू होने जा रहा है। इसकी शुरुआत मां गंगा के धाम गंगोत्री से होगी। अन्नकूट यानी गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर दोपहर 12:05 बजे अमृत बेला और अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान के साथ गंगोत्री मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुखबा गांव के लिए रवाना होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं की मौजूदगी, सेना के बैंड की मधुर धुन और मां गंगा के जयकारों से यात्रा का माहौल भक्तिमय रहेगा। डोली के मुखबा पहुंचने के बाद आगामी छह महीनों तक श्रद्धालु यहीं मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
गौरतलब है कि इस वर्ष गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। यात्रा सीजन के दौरान बड़ी संख्या में भक्त मां गंगा के दर्शन के लिए धाम पहुंचे। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। सोमवार शाम तक गंगोत्री पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों का आंकड़ा 10 लाख छह हजार से अधिक दर्ज किया जा चुका था।
वहीं, चारधाम यात्रा के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी कपाट बंद होने की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। बुधवार को यमुनोत्री धाम और केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसके बाद 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद किए जाएंगे।
चारधामों के कपाट बंद होने के साथ ही यात्रा का मौजूदा चरण समाप्त हो जाएगा, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था का सिलसिला नहीं थमेगा। शीतकाल के दौरान चारधामों की पूजा निर्धारित शीतकालीन प्रवास स्थलों पर जारी रहेगी।


