पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री धामी को भेजा शुभकामना संदेश, कहा- 21वीं सदी का तीसरा दशक होगा उत्तराखंड का दशक
देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की विकास यात्रा की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि 21वीं सदी का तीसरा दशक देवभूमि के नाम होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में कहा कि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण देश में विशिष्ट पहचान रखता है। यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली नागरिक प्रदेश को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने राज्य में संचालित प्रमुख विकास योजनाओं और नीतिगत फैसलों का उल्लेख करते हुए चारधाम सड़क परियोजना से लेकर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने तक के प्रयासों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और जुड़ाव उनके विचारों के साथ-साथ प्रदेश के विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों में भी स्पष्ट रूप से नजर आता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से राज्य को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलती है।


