देहरादून में ग्रामीण श्रमिकों को मिलेगा रोजगार का अवसर, छह विकासखंडों में तय होंगे रोजगार दिवस

खबर शेयर करें -

देहरादून: ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और श्रमिकों को नियमित काम उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। विकसित भारत-गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जीरामजी) योजना के तहत जिले में विकासखंडवार रोजगार दिवस निर्धारित किए जाएंगे। इसके माध्यम से ग्रामीण श्रमिकों को दैनिक मजदूरी के साथ सालभर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।

मुख्य विकास अधिकारी सुशील कुमार के अनुसार, जिले में इस योजना के तहत करीब 62 हजार जॉबकार्ड धारक पंजीकृत हैं। वर्तमान में जनपद के छह विकासखंडों डोईवाला, रायपुर, कालसी, सहसपुर, विकासनगर और चकराता में योजना संचालित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक श्रमिकों को काम से जोड़ने के लिए रोजगार सृजन दिवस बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। विकासखंडवार रोजगार दिवस तय होने से श्रमिकों को काम की उपलब्धता के बारे में जानकारी मिल सकेगी और रोजगार संबंधी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन का उद्देश्य योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूती देना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है। आने वाले समय में रोजगार दिवसों का निर्धारण होने से जिले के हजारों पंजीकृत जॉबकार्ड धारकों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

Ad