ऋषिकेश में बहुउद्देशीय शिविर, CM धामी करेंगे शुभारंभ; एक ही जगह मिलेंगी कई सरकारी सुविधाएं

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: आम लोगों को सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए ऋषिकेश में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार को चंद्रेश्वर नगर स्थित नगर रजत जयंती पार्क में लगने वाले इस शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 11 बजे करेंगे। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही मौके पर आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी कराएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि शिविर के लिए अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां पेंशन, राशन कार्ड, आधार, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि और स्वरोजगार से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पात्र लाभार्थियों के आवेदन भरवाने, दस्तावेजों का सत्यापन, पंजीकरण और योजनाओं की स्वीकृति से जुड़ी प्रक्रियाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग और किसान पेंशन से जुड़े आवेदन लिए जाएंगे। पात्र लोगों को पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया में भी सहायता दी जाएगी। इसके अलावा दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाने के साथ जरूरतमंदों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराएगी। गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, आवश्यक दवाइयों के वितरण और आयुष्मान कार्ड बनाने की व्यवस्था भी रहेगी। इससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों और केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से कुपोषित बच्चों और महिलाओं को चिह्नित किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र महिलाओं और किशोरियों को महालक्ष्मी किट, किशोरी किट तथा मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना से जोड़ने के लिए पंजीकरण किया जाएगा।

प्रशासन की ओर से शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की तैयारी की गई है। खासतौर पर उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें दस्तावेजी प्रक्रिया या जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है।

Ad