उत्तराखंड में विकास कार्यों को रफ्तार, CM धामी ने 14.68 करोड़ रुपये की योजनाओं को दी मंजूरी

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में सड़क, पर्यटन, खेल, पेयजल और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं के लिए कुल 14.68 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन योजनाओं के तहत धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से लेकर खेल मैदानों के निर्माण और विद्यालयों के जीर्णोद्धार तक के कार्य किए जाएंगे।

स्वीकृत धनराशि में देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के साथ राजीव गांधी नवोदय विद्यालय की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए 28.18 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा उत्तराखंड जजेस एसोसिएशन के बेनवोलेंट फंड के लिए 2.50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। चौमेल पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम और मूलाकोट पार्टी, ईजड़ा में खेल मैदान के निर्माण के लिए 1.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं, हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने के लिए सीसी मार्ग और इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण पर 2.49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में लीती से मां होकरा मंदिर तक ट्रैक रूट विकसित करने और व्यू प्वाइंट बनाने के लिए 88.79 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इससे क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही खटीमा क्षेत्र में पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 300 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 86.57 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

इन स्वीकृतियों के जरिए सरकार का फोकस प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, खेल, पर्यटन और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने पर है। विभिन्न जनपदों में प्रस्तावित कार्य पूरे होने से स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Ad