चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या पर सीएम धामी ने जताया आभार

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली। देश-विदेश से बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के देवभूमि पहुंचने को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रति लोगों की गहरी आस्था का प्रतीक बताया है। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन में तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों की अहम भूमिका रही है।

गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सीएम धामी ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। सरकार का लक्ष्य तीर्थयात्रियों को सुरक्षित वातावरण के साथ विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं का अनुभव और बेहतर हो सके।

मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से देवभूमि पहुंचे सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताते हुए बाबा केदार, भगवान बदरी विशाल, मां गंगा और मां यमुना से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।

Ad