कई महीनों की तलाश खत्म, झांसी में एसआईटी के हत्थे चढ़े गिरधारी लाल साहू
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को एसआईटी ने झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पिछले कई महीनों से उनकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार देर रात एसआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें झांसी से हिरासत में लिया। इस गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की जांच तेज होने की उम्मीद है।
दरअसल, इस प्रकरण में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिकायत में उन्होंने गिरधारी लाल साहू पर जान से मारने की साजिश रचने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
जांच के दौरान गिरधारी लाल साहू के नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही थी। उनकी गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी ने जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। गिरधारी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका था।
अब गिरफ्तारी के बाद एसआईटी उनसे पूछताछ कर मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने का प्रयास करेगी। पूछताछ में कथित साजिश, लगाए गए आरोपों और कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद इस प्रकरण में कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं।


