धनतेरस पर पटाखा कारोबार को झटका, भानियावाला में दुकानें बंद कराने पर विवाद

खबर शेयर करें -

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे के चलते धनतेरस के दिन भानियावाला क्षेत्र में पटाखों की दुकानों को बंद कराए जाने से व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। त्योहार के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में कारोबार प्रभावित होने से दुकानदारों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए और आर्थिक नुकसान की चिंता जताई।

व्यापारियों का कहना है कि धनतेरस पटाखा कारोबार के लिहाज से बेहद अहम दिन होता है। ऐसे समय में दुकानों को बंद कराने से उनका व्यापार प्रभावित हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि जब केंद्रीय गृह मंत्री का आवागमन हवाई मार्ग से होना था, तो भानियावाला बाजार में पटाखों की दुकानों को बंद कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी?

दुकानदारों ने प्रशासन के इस फैसले को त्योहार के सीजन में कारोबार के लिए नुकसानदायक बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि त्योहार के लिए उन्होंने पहले से तैयारियां और माल की व्यवस्था की थी, लेकिन ऐन मौके पर दुकानें बंद होने से उनकी बिक्री प्रभावित हो गई।

कांग्रेस नेताओं ने भी सरकार को घेरा

इस मामले में कांग्रेस नेता मोहित उनियाल और मनोज नौटियाल ने भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक तरफ व्यापारियों के हितों और कारोबार को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर धनतेरस जैसे बड़े पर्व पर दुकानें बंद कराकर व्यापारियों की आजीविका को प्रभावित किया जा रहा है।

धनतेरस के दिन हुई इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में असंतोष बना हुआ है। दुकानदारों ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी ध्यान में रखकर निर्णय लेने की जरूरत बताई।

Ad