दीपावली पर बोनस नहीं मिलने से भड़के एम्स के आउटसोर्स कर्मचारी, ओपीडी के बाहर दिया धरना
प्रबंधन से वार्ता के बाद काम पर लौटे कर्मचारी, एजेंसी तक मांग पहुंचाने का मिला आश्वासन
ऋषिकेश: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों का दीपावली पर बोनस नहीं मिलने से आक्रोश बढ़ गया। नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार को अस्पताल की ओपीडी के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया। कर्मचारियों का कहना था कि त्योहार के मौके पर भी बोनस और भुगतान नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाद में संस्थान प्रबंधन के साथ हुई वार्ता के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त कर काम शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एम्स में विभिन्न कार्यों में लगे आउटसोर्स कर्मचारी पिछले कई दिनों से वेतन और अन्य मांगों को लेकर आवाज उठा रहे थे। पूर्व में प्रबंधन के साथ बातचीत के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन दीपावली से पहले संबंधित आउटसोर्स एजेंसी की ओर से कर्मचारियों को बोनस का भुगतान नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई और शुक्रवार को उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर बोनस नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
मामले की जानकारी मिलने पर एम्स के उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा कर्मचारियों से बातचीत करने पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर काम पर वापसी कर ली।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलाय मोहंती ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं से संबंधित आउटसोर्स एजेंसी के प्रबंधन को अवगत करा दिया गया है।


