रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए नवंबर में लगेगा विशेष मेला
कोटद्वार: रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला प्रशासन की ओर से नवंबर के अंतिम सप्ताह में कोटद्वार में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके जरिए युवाओं को विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में नौकरी के साथ अप्रेंटिसशिप के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक इकाइयों और नियोजकों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेले से पहले विभिन्न संस्थानों में उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी जुटाई जाए, ताकि अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें।
डीएम ने रोजगार मेले में शामिल होने वाली औद्योगिक इकाइयों और नियोजकों को उनके कार्यक्षेत्र एवं कौशल की आवश्यकताओं के आधार पर वर्गीकृत करने को कहा। साथ ही प्रत्येक पद के लिए जरूरी शैक्षिक योग्यता, अनुभव, तकनीकी दक्षता और कार्य की प्रकृति का विवरण पहले से तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सके।
प्रस्तावित रोजगार मेला कोटद्वार स्थित डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल पीजी कॉलेज में आयोजित होगा। मेले में केवल नौकरी और अप्रेंटिसशिप तक ही अवसर सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि युवाओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इसके लिए करियर काउंसिलिंग और साक्षात्कार की तैयारी से जुड़े विशेष हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे।
इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार शुरू करने के विकल्पों और विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित जानकारियों के लिए भी अलग हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। प्रशासन का प्रयास है कि एक ही स्थान पर युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी जरूरी जानकारियां मिल सकें।


