राज्यपाल से मिले लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर हुई चर्चा
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी भर्तियों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों से जुड़े मुद्दों को लेकर गुरुवार को राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी (सेवानिवृत्त) के बीच मुलाकात हुई। लोक भवन में हुई इस भेंट के दौरान आयोग की कार्यप्रणाली, प्रदेश में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं और चयन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
इस दौरान राज्यपाल ने लोक सेवा आयोग के विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर उचित अवसर उपलब्ध कराने में आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता से न केवल युवाओं का भविष्य जुड़ा है, बल्कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है।
राज्यपाल ने कहा कि सरकारी सेवाओं में चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि योग्य अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर मिलें, जिससे युवाओं का भर्ती व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत बना रहे।
मुलाकात के दौरान उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की जिम्मेदारियों और प्रदेश में निष्पक्ष चयन प्रणाली को प्रभावी बनाए रखने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।


