उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, सीएम धामी ने मंजूर किए 42.78 करोड़ रुपये
देहरादून। उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 42.78 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। इस धनराशि से प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में सड़क निर्माण, सिंचाई व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण सहित कई कार्य कराए जाएंगे। स्वीकृत बजट में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए छह मार्गों के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है।
कुंभ मेला-2027 के तहत छह मार्गों के निर्माण के लिए 26.27 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत द्योगली में सीसी मार्ग, खड़ंजा और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं धारचूला के मदकोट क्षेत्र में मदाकिनी पुल से राप्ती तक पैदल अश्व मार्ग के निर्माण के लिए 29.84 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
मंदिरों के सौंदर्यीकरण और सिंचाई योजनाओं को भी बजट
टिहरी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 1.67 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें कीर्तिनगर के डागर शिवालय के लिए 39.94 लाख रुपये और बडोला के उरमण तोक स्थित बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए 36.19 लाख रुपये दिए जाएंगे।
चंपावत जिले में सिंचाई गूल निर्माण के लिए 95.01 लाख रुपये और ताड़केश्वर एवं सीता कुंड के सौंदर्यीकरण के लिए 98.47 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं अल्मोड़ा के सोमेश्वर क्षेत्र में सिंचाई गूल के निर्माण पर 1.63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
आवास और सड़क सुधार के लिए भी धनराशि स्वीकृत
उत्तरकाशी जिले के लदाड़ी स्थित फायर स्टेशन परिसर में 12 टाइप-द्वितीय आवासों के निर्माण के लिए 7.94 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में रंगदेव मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 1.28 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत इस धनराशि से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क मार्गों, धार्मिक स्थलों, सिंचाई सुविधाओं और सरकारी कर्मचारियों के आवास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।


