आज देहरादून आएंगे अमित शाह, राज्योत्सव में होंगे शामिल; उत्तराखंड पुलिस को देंगे राष्ट्रपति निशान
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को उत्तराखंड के दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इस दौरान शाह दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इनमें उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह और उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान (प्रेसिडेंट्स कलर) से सम्मानित करने का कार्यक्रम शामिल है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री सुबह 11:50 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में वह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:50 बजे वह रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में पहुंचेंगे।
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान से अलंकृत करेंगे। यह सम्मान पुलिस बल की विशिष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों के प्रति राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान का प्रतीक है।
केंद्रीय गृह मंत्री के इस दौरे को राज्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास तौर पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान से सम्मानित किया जाना प्रदेश पुलिस बल के लिए गौरवपूर्ण अवसर होगा।


