लोहाघाट में गुलदार ने ली 13 वर्षीय किशोर की जान, घर से 50 मीटर पहले बनाया निवाला

खबर शेयर करें -

चंपावत। उत्तराखंड में गुलदार के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में गुलदार ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्राम पंचायत सुई पऊ के डूंगरी तोक में बुधवार शाम घर लौट रहे 13 वर्षीय किशोर पर गुलदार ने हमला कर दिया। उसे घसीटकर झाड़ियों की ओर ले गया। देर रात किशोर का शव घर से कुछ दूरी पर खेतों के पास बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, डूंगरी तोक निवासी हर्षित पुजारी (13) पुत्र गंगादत्त पुजारी बुधवार को राइकोट में मेला देखने गया था। शाम करीब 6:30 बजे वह घर लौट रहा था। घर से लगभग 50 मीटर पहले अंधेरे में पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। किशोर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उसे अपने जबड़े में दबोचकर झाड़ियों की तरफ ले गया।

उधर, काफी देर तक हर्षित के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के दौरान रात करीब 9:30 बजे किशोर का शव घर से लगभग 50 मीटर नीचे खेतों के पास मिला। गुलदार के हमले में उसके पेट और जांघ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। गले पर भी दांतों के गहरे निशान पाए गए।

ग्रामीण तत्काल हर्षित को उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दो बहनों का इकलौता भाई था हर्षित

हर्षित अपने परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे को खोने के बाद मां नीमा पुजारी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में इतना भय है कि वे अपने बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से भी कतरा रहे हैं।

घर के बेहद करीब हुए इस हमले ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Ad