ऊर्जा निगमों के संविदा कर्मचारियों ने उठाई दीपावली बोनस की मांग, प्रबंध निदेशकों को भेजा पत्र

खबर शेयर करें -

देहरादून। दीपावली और धनतेरस के अवसर पर ऊर्जा निगमों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को भी बोनस और अनुग्रह राशि का लाभ देने की मांग तेज हो गई है। उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन ने इस संबंध में प्रदेश के तीनों ऊर्जा निगमों के प्रबंध निदेशकों को पत्र भेजकर संविदा कर्मियों को भी नियमित कर्मचारियों के समान दीपावली बोनस देने की मांग की है।

संगठन ने उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल), उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) और पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशकों को भेजे पत्र में शासनादेश का हवाला दिया है। संगठन का कहना है कि ऊर्जा निगमों में विभागीय संविदा के आधार पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को भी त्योहार के अवसर पर मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ मिलना चाहिए।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कवि ने कहा कि संविदा कर्मचारी भी ऊर्जा निगमों के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उन्हें दीपावली पर मिलने वाले लाभ से अलग रखना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि नियमित कर्मचारियों की तरह संविदा कर्मचारियों को भी बोनस और अनुग्रह राशि प्रदान की जाए, ताकि वे भी त्योहार की खुशियां मना सकें।

Ad