पांच साल बाद भी अधूरी कुड़ियाल मार्ग की घोषणा, सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों में आक्रोश

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री की घोषणा के पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद कुड़ियाल मार्ग का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। करीब 800 मीटर लंबी इस सड़क का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द काम शुरू कराने की मांग उठाई।

ग्राम प्रधान राखी सिंघवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अस्थायी खंड ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि 17 नवंबर 2021 को मुख्यमंत्री की ओर से सड़क निर्माण की घोषणा की गई थी, लेकिन पांच साल गुजरने के बाद भी योजना धरातल पर नहीं उतर सकी है। सड़क के अभाव में स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य महिपाल सिंह कृषाली ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले 30 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासी चुनाव बहिष्कार के साथ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी। ग्रामीणों ने विभाग से घोषणा को जल्द अमलीजामा पहनाने और सड़क निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है।

Ad