बनबसा में 23 नवंबर से सेना भर्ती रैली, 4492 अभ्यर्थी आजमाएंगे किस्मत; प्रशासन ने तेज की तैयारियां

खबर शेयर करें -

चंपावत। उत्तराखंड के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का अवसर जल्द मिलने जा रहा है। बनबसा स्थित मिलिट्री स्टेडियम में 23 से 29 नवंबर तक सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के कुल 4492 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं की सुविधा और आयोजन के दौरान जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस दिन किस क्षेत्र के अभ्यर्थियों की होगी भर्ती

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को पिथौरागढ़ तहसील के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) श्रेणी के 834 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। 24 नवंबर को मुनस्यारी, बंगापानी, थल, तेजम, गंगोलीहाट और गणाई गंगोली क्षेत्र के 949 युवाओं को मौका मिलेगा।

वहीं, 25 नवंबर को कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू और देवलथल के 990 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। 26 नवंबर को चंपावत जिले की चंपावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के 988 अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।

27 नवंबर को लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जीडी अभ्यर्थियों के साथ दोनों जिलों की सभी तहसीलों से अग्निवीर तकनीकी और ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं पास) श्रेणी के कुल 731 युवा शामिल होंगे।

28 और 29 नवंबर को होगा मेडिकल व दस्तावेजों का सत्यापन

भर्ती रैली के अंतिम दो दिन यानी 28 और 29 नवंबर को चिकित्सा परीक्षण तथा दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रिया के लिए निर्धारित किया गया है। इस तरह पूरी भर्ती प्रक्रिया में दोनों जिलों के 4492 अभ्यर्थियों की सहभागिता रहेगी।

अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर प्रशासन का जोर

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भर्ती स्थल पर बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, परिवहन, ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा साफ-सफाई और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भर्ती में पहुंचने वाले युवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

Ad