वात्सल्य योजना बनी बेसहारा बच्चों का सहारा, 9,477 लाभार्थियों को मिली आर्थिक मदद

खबर शेयर करें -

देहरादून। कोरोना महामारी और अन्य विषम परिस्थितियों में अपने माता-पिता या संरक्षक को खोने वाले बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना लगातार मददगार साबित हो रही है। योजना के तहत प्रदेश के 9,477 बच्चों को सितंबर और अक्टूबर माह की आर्थिक सहायता जारी कर दी गई है। इसके लिए लाभार्थियों के बैंक खातों में 2.84 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सहायता राशि जारी की। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में प्रदेश के 13 जिलों के 4,750 बच्चों को करीब 1.42 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। वहीं, अक्टूबर में 4,727 लाभार्थियों के खातों में 1.41 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी गई।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का उद्देश्य कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे बच्चों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना और उनके जीवन को बेहतर बनाने में सहयोग देना है। योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

उन्होंने कहा कि माता-पिता अथवा संरक्षक को खोने के बाद बच्चों के सामने शिक्षा, पालन-पोषण और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कई चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं। ऐसे में सरकार की यह पहल उन्हें आर्थिक संबल देने के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही है।

सरकार का प्रयास है कि योजना के माध्यम से पात्र बच्चों को नियमित आर्थिक सहायता मिलती रहे, ताकि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उनकी शिक्षा और भविष्य प्रभावित न हो।

Ad