डॉ. धन सिंह रावत को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के उपाध्यक्ष निर्वाचित

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें संस्था का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। नार्दर्न रीजन से उनका चयन निर्विरोध हुआ है। इस पद पर प्रदेश को पहली बार नेतृत्व का अवसर मिलने जा रहा है।

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय संगठन में डॉ. रावत का निर्वाचन उत्तराखंड की भागीदारी को नई पहचान देने वाला माना जा रहा है। नार्दर्न रीजन का दायरा काफी व्यापक है। इसमें उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।

इस क्षेत्रीय संगठन में शैक्षणिक और परिवहन से जुड़े प्रमुख संस्थानों की भी भागीदारी है। इनमें केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति, नार्दर्न रेलवे, नार्थ सेंट्रल रेलवे और नार्थ ईस्टर्न रेलवे शामिल हैं।

ऐसे व्यापक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पद पर डॉ. रावत का निर्विरोध चुना जाना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के संगठनात्मक कार्यों में उत्तराखंड की भूमिका और मजबूत होने की उम्मीद है।

Ad