विधानसभा चुनाव-2027: दून में 12,500 दिव्यांग मतदाताओं की होगी पहचान, मतदाता सूची से शुरू होगी मैपिंग

खबर शेयर करें -

देहरादून। विधानसभा चुनाव-2027 को अधिक समावेशी और सुगम बनाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए उनकी अलग से पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।

इसके तहत देहरादून जिले में समाज कल्याण विभाग से दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर रहे लगभग 12,500 लोगों का मतदाता सूची के साथ मिलान और मैपिंग की जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय ने इस पूरी प्रक्रिया को 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मैपिंग के जरिए दिव्यांग मतदाताओं से संबंधित जरूरी जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि चुनाव के समय उनकी व्यक्तिगत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसका उद्देश्य मतदान केंद्र तक पहुंचने से लेकर मतदान की प्रक्रिया पूरी करने तक उनके सामने आने वाली बाधाओं को कम करना है।

निर्वाचन कार्यालय की इस पहल से दिव्यांग मतदाताओं की आवश्यकताओं का पहले से आकलन करने में मदद मिलेगी। इसके आधार पर मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं और सहायता की व्यवस्था की जा सकेगी, जिससे विधानसभा चुनाव में दिव्यांगजनों की भागीदारी बढ़ाने के साथ मतदान प्रक्रिया को अधिक सहज और सुलभ बनाया जा सके।

Ad