गौरवशाली सैन्य परंपराओं के बीच मनाया गया 6/11 गोरखा राइफल्स का 63वां स्थापना दिवस

खबर शेयर करें -

देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित गोरखाली सुधार सभा में 6/11 गोरखा राइफल्स का 63वां स्थापना दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पलटन से जुड़े पूर्व सैनिक अपने परिवारों के साथ समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में सैन्य गौरव, आपसी भाईचारे और पुराने दिनों की यादों का अनूठा संगम देखने को मिला।

समारोह के दौरान लंबे समय बाद एक-दूसरे से मिले पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा किए। वर्षों पुरानी यादें ताजा हुईं और पलटन के साथ बिताए गए गौरवपूर्ण पलों को याद किया गया। इस दौरान जवानों के बीच रहे आपसी विश्वास, अनुशासन और समर्पण की भावना भी चर्चा का केंद्र रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर सीबी थापा (सेवानिवृत्त) रहे। उन्होंने समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पलटन की गौरवशाली विरासत और सैन्य परंपराओं के महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर 6/11 गोरखा राइफल्स के इतिहास, वीरता और अनुशासन की परंपरा को विशेष रूप से याद किया गया। समारोह ने पूर्व सैनिकों को पुराने साथियों से मिलने और अपनी पलटन से जुड़े गौरवशाली सफर को फिर से याद करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का माहौल देशसेवा के प्रति सम्मान और सैनिकों के बीच अटूट रिश्तों की भावना से सराबोर रहा।

Ad