रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए दो राज्यों में पुलिस की दबिश
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े विवाद में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआइटी) को गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कई महत्वपूर्ण साक्ष्य हाथ लगे हैं। वहीं, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
साहू के खिलाफ पुलिस पहले ही गैर जमानती वारंट प्राप्त कर चुकी है। इसके अलावा उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी न्यायालय से खारिज हो चुकी है। ऐसे में अब पुलिस के सामने उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की चुनौती है।
वारंट जारी होने के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दोनों राज्यों में पुलिस कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल किया जा चुका है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दे रही हैं।


