नई टिहरी में 35.06 करोड़ की लागत से बनेगा राजकीय पॉलीटेक्निक, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया भूमि पूजन
टिहरी गढ़वाल। नई टिहरी में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 35 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान का विधिवत भूमि पूजन किया।
इस दौरान मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि संस्थान के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को अपने ही जनपद में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे वे तकनीकी रूप से दक्ष होकर रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान टिहरी के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और आने वाले समय में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगा।
कार्यक्रम में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
खास बात: 35.06 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह संस्थान टिहरी में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


