ठंड पर भारी पड़ रही आस्था, बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 22 लाख पार
देहरादून। कड़ाके की ठंड और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बावजूद बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आमद लगातार बढ़ रही है। चारधाम यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है, लेकिन बदरीविशाल के दर्शन को लेकर तीर्थ यात्रियों का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा। यही वजह है कि बदरीनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 22 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। खास बात यह है कि प्रतिदिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।
धाम में मौसम लगातार ठंडा बना हुआ है। बीते दिनों ऊंची पर्वतीय चोटियों पर बर्फबारी होने के बाद सुबह और शाम सर्द हवाओं का असर बढ़ गया है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही में तेजी बनी हुई है। शनिवार को 10 हजार से अधिक यात्रियों ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए, जबकि रविवार को भी धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
यात्रा के आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार तक बदरीनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 21 लाख 92 हजार 54 थी। रविवार को इसमें और बढ़ोतरी हुई और कुल संख्या 22 लाख के पार पहुंच गई। यात्रियों की मौजूदा आमद को देखते हुए अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा 23 लाख के पार भी जा सकता है।
कपाट बंद होने की उल्टी गिनती शुरू
बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए 16 नवंबर को बंद कर दिए जाएंगे। ऐसे में अब कपाट बंद होने में केवल 15 दिन शेष रह गए हैं। यात्रा का समय सीमित होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचकर दर्शन करना चाहते हैं।
इस वर्ष बदरीनाथ धाम में अब तक 22 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का पहुंचना यात्रा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यात्रियों की संख्या का यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बताया जा रहा है। कपाट बंद होने से पहले भी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ बने रहने की संभावना है।


