त्योहारों में मिठाइयों की शुद्धता पर सवाल, जांच में 15 खाद्य पदार्थ मानकों से बाहर

खबर शेयर करें -

देहरादून। दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान मिलावटी व मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में रविवार को रायपुर चौक और महाराणा प्रताप चौक स्थित मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मौके पर 83 खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिनमें से 15 गुणवत्ता के निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर पहुंची टीम ने खाद्य सचल विश्लेषणशाला की मदद से मिठाइयों सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परखी। जांच में कमियां मिलने पर संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। साथ ही उन्हें खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान संदेह के आधार पर तीन मिठाई प्रतिष्ठानों से विधिक नमूने भी एकत्र किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में गोपाल स्वीट्स से मावा, न्यू लकी स्वीट्स से मावा बर्फी और कृष्णा स्वीट्स शॉप से प्लेन बर्फी का नमूना लिया गया। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि मिठाई विक्रेताओं को खुली मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और उपयोग की अवधि के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराना है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए निरीक्षण और नमूने लेने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Ad