ऋषिकेश के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, विधायक निधि से 10 लाख देने की घोषणा
ऋषिकेश। शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है। यह घोषणा सोमेश्वर नगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान की गई।
कार्यक्रम में विधायक ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि ऋषिकेश को बेहतर नागरिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम कराया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही बिजली की लाइनों को भूमिगत करने, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी योजनाएं संचालित हैं।
बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर
प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि शहर में नई पेयजल लाइन बिछाने, सड़कों के निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य भी किए जा रहे हैं। वहीं, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के माध्यम से ऋषिकेश के सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास से जुड़ी कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कुछ निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा कई प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
विधायक ने कहा कि उनका प्रयास ऋषिकेश को आधुनिक शहरी सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है। इसके लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं में सुधार को प्राथमिकता दी जा रही है।


