डीडीहाट में भालू का हमला, अमरूद तोड़ रहे ग्रामीण को किया गंभीर घायल
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में जंगली जानवरों का आबादी की ओर रुख करना लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है। डीडीहाट क्षेत्र में अमरूद तोड़ने गए एक ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर भगाया। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर कर दिया गया।
घटना रविवार सुबह तहसील के देवीसूना क्षेत्र स्थित धुरपटटा गांव की है। गांव निवासी 50 वर्षीय भगवान सिंह अपने खेत में अमरूद तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान अमरूद खाने पहुंचे भालू ने पेड़ पर चढ़कर उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से ग्रामीण को संभलने का मौका तक नहीं मिला। अपनी जान बचाने के लिए भगवान सिंह ने भालू का मुकाबला करने का प्रयास किया।
इस बीच उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने एकजुट होकर शोर मचाया, जिसके बाद भालू वहां से जंगल की तरफ भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल भगवान सिंह को करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सक डा. हरीश ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि भालू के हमले में भगवान सिंह की पीठ, गर्दन, हाथ, पैर और जांघ पर कई चोटें आई हैं। पीठ पर गहरा घाव होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर रेंजर पूरन देऊपा के नेतृत्व में अस्कोट वन रेंज की टीम भी मौके पर पहुंची। गांव के नजदीक हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने आबादी के आसपास भालू की सक्रियता को लेकर चिंता जताई है।


