उत्तराखंड में मौसम रहेगा शुष्क, दिन में धूप तो सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन के समय तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जबकि सुबह और शाम के वक्त ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच फिलहाल प्रदेशवासियों को बारिश के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। मंगलवार को भी सभी जनपदों में आसमान साफ रहने और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। इससे सुबह के समय आवाजाही करने वाले लोगों को दृश्यता संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रदेश में इन दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण गर्माहट महसूस हो रही है, वहीं सूरज ढलने के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड का एहसास बढ़ जाता है। यही वजह है कि दिन और रात के मौसम में अंतर साफ नजर आने लगा है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आगामी दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। फिलहाल बारिश की संभावना भी कम है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम ही बना रहेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान का अंतर और बढ़ सकता है।

Ad