एवरग्रीन स्कूल में सजा दिवाली मेले का रंग, शिक्षिकाओं के स्टॉल पर बच्चों और अभिभावकों ने लिया लजीज व्यंजनों का स्वाद

खबर शेयर करें -

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पहुंचकर स्कूल की पहल की सराहना की, बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद व आपसी जुड़ाव का दिया संदेश।

श्यामपुर (ऋषिकेश)। गढ़ी मयचक, श्यामपुर स्थित एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में दीपावली के अवसर पर रंगारंग दिवाली मेले का आयोजन किया गया। मेले में उत्सव, उमंग और स्वाद का अनूठा संगम देखने को मिला। स्कूल की सभी शिक्षिकाओं ने अलग-अलग व्यंजनों के स्टॉल लगाकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को दिवाली की खास सौगात दी।

मेले में उत्तराखंड के पारंपरिक पकवान दाल की पकौड़ी और दाल के स्वाले आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं दक्षिण भारतीय व्यंजनों में इडली-सांभर, गोलगप्पे, चाइनीज फूड आइटम्स, मिठाइयों सहित कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साह के साथ मेले में भाग लिया और विभिन्न व्यंजनों का आनंद उठाया।

इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल भी कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और शिक्षिकाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ स्कूल और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्कूल में आयोजित इस मेले का उद्देश्य केवल मनोरंजन और खानपान तक सीमित नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच एक मजबूत भावनात्मक जुड़ाव और बेहतर संवाद स्थापित करना भी था। ऐसे आयोजनों से अभिभावकों को शिक्षकों के साथ अनौपचारिक रूप से बातचीत करने और एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है।

दिवाली मेले ने यह संदेश भी दिया कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, आपसी सहयोग, सामाजिक जुड़ाव और खुशियां बांटने का भी महत्वपूर्ण मंच है। पूरे आयोजन में उत्साह और दीपावली की खुशियों का माहौल देखने को मिला।

Ad