केदारताल ट्रेक पर मौत का तांडव: दो और ट्रेकर के शव बरामद, मृतकों की संख्या चार पहुंची

खबर शेयर करें -

लखनऊ की दो सगी बहनों की भी गई जान, चार ट्रेकर अब भी लापता; खराब मौसम के चलते रोका गया रेस्क्यू अभियान

उत्तरकाशी। केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन की घटना के बाद जारी खोज एवं बचाव अभियान में बुधवार को दो और लापता ट्रेकर के शव बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मृतकों में लखनऊ की दो सगी बहनें भी शामिल हैं। वहीं, चार ट्रेकर अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान जारी है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद चार शवों में से दो की पहचान उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित गायत्रीपुरम निवासी वर्तिका वर्मा (28) और दीपिका वर्मा (29) के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगी बहनें थीं। अन्य दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उनकी शिनाख्त के लिए परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

लापता ट्रेकर की तलाश में एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की 10 सदस्यीय संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में खोजबीन की और इस दौरान दो शव बरामद किए। हालांकि, दोपहर बाद मौसम खराब होने और परिस्थितियां प्रतिकूल होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

बरामद किए गए चारों शवों को हेलीकॉप्टर की मदद से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। हादसे के बाद से ही राहत एवं बचाव टीमें लापता ट्रेकर की तलाश में जुटी हुई हैं। फिलहाल चार लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मौसम अनुकूल होने पर सर्च अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।

Ad