दीपावली पर नहीं होगी बिजली की किल्लत, ऊर्जा निगम ने पूरी की तैयारियां

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। दीपावली पर शहरवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए ऊर्जा निगम ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहार के दौरान बिजली व्यवस्था में किसी तरह का व्यवधान न आए, इसके लिए विद्युत लाइनों के रखरखाव से लेकर बिजलीघरों के उपकरणों की जांच तक का काम पूरा कर लिया गया है। निगम ने दावा किया है कि दीपावली पर उपभोक्ताओं को लगातार बिजली आपूर्ति देने का प्रयास किया जाएगा।

दीपावली के अवसर पर घरों, बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आकर्षक विद्युत सजावट की जाती है। ऐसे में बिजली की मांग बढ़ने के साथ आपूर्ति सुचारु बनाए रखना ऊर्जा निगम के लिए भी चुनौती रहता है। इसे देखते हुए विभाग ने कई दिन पहले से ही मरम्मत और रखरखाव का अभियान शुरू कर दिया था।

अभियान के तहत सड़कों और गलियों में झूल रही बिजली की तारों को व्यवस्थित किया गया। जिन स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं विद्युत लाइनों के संपर्क में आने की आशंका थी, वहां टहनियों की छंटाई कराई गई। इसके अलावा बिजलीघरों में लगे उपकरणों की तकनीकी जांच और टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है।

ऊर्जा निगम की ओर से इन कार्यों को पूरा करने के लिए अलग-अलग समय पर शटडाउन भी लिया गया था। विभाग का कहना है कि आवश्यक रखरखाव का काम पूरा होने के बाद अब त्योहार के दौरान निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर ध्यान दिया जाएगा।

Ad