केदारताल हादसे में पांचवां शव मिला, तीन लापता ट्रेकर्स की तलाश जारी
उत्तरकाशी। केदारताल क्षेत्र में हुए हिमस्खलन हादसे में लापता लोगों की तलाश के दौरान गुरुवार को एक और ट्रेकर का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही अब तक पांच लोगों के शव मिल चुके हैं। हालांकि, इनमें से केवल दो की शिनाख्त हो पाई है। हादसे के बाद से लापता अन्य तीन लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह राहत एवं बचाव दल ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान एक पुरुष ट्रेकर का शव मिला। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार, शव को हेलीकॉप्टर के जरिए उत्तरकाशी लाने के लिए हेलीकॉप्टर की मांग की गई है। इससे पहले चार शव हेलीकॉप्टर से जिला मुख्यालय पहुंचाए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि केदारताल क्षेत्र में आए हिमस्खलन की चपेट में आने से ट्रेकर्स और सपोर्ट स्टाफ समेत आठ लोग लापता हो गए थे। हादसे के बाद से ही विभिन्न बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। मंगलवार और बुधवार को अभियान के दौरान दो-दो शव बरामद किए गए थे। गुरुवार को एक और शव मिलने से बरामद शवों की संख्या पांच हो गई है।
हादसे में अभी भी तीन लोग लापता हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें दुर्गम और बर्फीले क्षेत्र में अभियान चला रही हैं।


