उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुईं 59 नई बसें, पहाड़ों में बेहतर होगी यातायात सुविधा

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ाया है। इसी कड़ी में उत्तराखंड परिवहन निगम को 59 नई बसें मिली हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बसों के सड़कों पर उतरने से खासकर पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धामी ने कहा कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों तक सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से स्थानीय लोगों को आवाजाही में सहूलियत मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई बसों का संचालन यात्रियों की जरूरत और मार्गों पर उपलब्ध मांग के अनुसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

तीन मंडलों को मिलीं नई बसें

परिवहन निगम की ओर से जारी आवंटन के तहत नैनीताल मंडल को 19 बसें दी गई हैं। वहीं टनकपुर और देहरादून मंडल के हिस्से में 20-20 बसें आई हैं। सभी नई बसें बीएस-6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार की गई हैं।

वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1276 बसें शामिल हैं। इनमें 891 बसें निगम की अपनी हैं, जबकि 385 बसों का संचालन अनुबंध के आधार पर किया जा रहा है।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव परिवहन रविनाथ रामन सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Ad