धनतेरस पर ऋषिकेश के बाजारों में बढ़ी रौनक, करोड़ों के कारोबार की उम्मीद

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। दीपावली से पहले धनतेरस के पर्व को लेकर तीर्थनगरी के बाजारों में उत्साह का माहौल है। शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। वहीं, ग्राहकों ने भी पर्व की खरीदारी के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुभ मुहूर्त में नई वस्तुएं खरीदने की परंपरा के चलते बाजारों में अच्छी बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है।

धनतेरस के अवसर पर बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रानिक उपकरण और वाहनों की मांग बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में विभिन्न उत्पादों की विशेष रेंज उपलब्ध कराई है। सराफा कारोबारियों को कीमती धातुओं के आभूषणों की बिक्री से अच्छे कारोबार की आस है, जबकि बर्तन और इलेक्ट्रानिक बाजार में भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। दोपहिया और चारपहिया वाहन शोरूम में भी त्योहारी खरीदारी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

व्यापार मंडल के नगर महामंत्री प्रतीक कालिया ने बताया कि धनतेरस से दीपावली तक बाजार में खरीदारी का माहौल बना रहेगा। त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारियों ने पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि इस बार स्थानीय बाजार में कई करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय दुकानों से सामान खरीदने की अपील की। कहा कि स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देने से छोटे और बड़े व्यापारियों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। व्यापार मंडल की इस अपील को भी लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।

Ad