दीपों से रोशन होंगे घरों के कोने, आज मनाई जाएगी छोटी दीपावली

खबर शेयर करें -

यम दीपदान के साथ होगी सुख-समृद्धि की कामना, हनुमान और मां लक्ष्मी की आराधना का भी विशेष महत्व

कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर शनिवार को छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर घरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। इस अवसर पर मृत्यु के देवता यमराज के निमित्त दीप प्रज्वलित कर परिवार की सुख-समृद्धि और अकाल मृत्यु से रक्षा की कामना की जाएगी। इसके साथ ही भगवान हनुमान और मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना भी की जाएगी।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चतुर्दशी तिथि शनिवार सुबह 10:48 बजे शुरू होकर रविवार सुबह 11:28 बजे तक रहेगी। छोटी दीपावली पर घर के मुख्य द्वार और अन्य स्थानों पर दीपक जलाने की परंपरा है। यम दीपदान के लिए शाम 5:25 बजे से रात 8:02 बजे तक का समय निर्धारित है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक दीपदान करने से यमराज प्रसन्न होते हैं और परिवार पर उनकी कृपा बनी रहती है।

नरकासुर के वध से जुड़ी है पर्व की मान्यता

पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने इसी तिथि पर अत्याचारी राक्षस नरकासुर का अंत कर लोगों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी कारण इस पर्व को नरक चतुर्दशी के नाम से भी जाना जाता है। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस दिन दीप जलाकर अंधकार दूर करने और सकारात्मकता के स्वागत की परंपरा है।

अभ्यंग स्नान और हनुमान पूजा का विशेष महत्व

नरक चतुर्दशी पर सूर्योदय से पहले शरीर पर तिल का तेल लगाकर स्नान करने की भी धार्मिक परंपरा है। मान्यता है कि इस विधि से स्नान करने पर नरक की यातनाओं से मुक्ति मिलती है। वहीं, इस दिन हनुमान जन्मोत्सव मनाने की भी मान्यता प्रचलित है। श्रद्धालु बजरंगबली की पूजा कर जीवन में सुख, शांति, आनंद और संकटों से रक्षा की प्रार्थना करते हैं।

Ad