त्योहारी सीजन से पहले हलवाइयों ने उठाया उत्पीड़न का मुद्दा, शुद्धता को लेकर चलाएंगे जागरूकता अभियान
देहरादून: नवरात्र और दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए हलवाई कारोबारियों ने खाद्य पदार्थों की शुद्धता, गुणवत्ता और कारोबारियों के सामने आने वाली समस्याओं को लेकर मंथन किया। बुधवार को पटेलनगर-सहारनपुर रोड स्थित एक होटल में हलवाई समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य कारोबारियों के उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में एफएसएनएम के राष्ट्रीय पदाधिकारी फिरोज नकवी और आफताब हुसैन जैदी समेत देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और रुद्रपुर से पहुंचे हलवाई कारोबारी शामिल हुए। इस दौरान त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर चर्चा की गई।
हलवाई कारोबारियों ने कहा कि ग्राहकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों और मानकों की स्पष्ट जानकारी होना भी जरूरी है। बैठक में सर्वसम्मति से खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
कारोबारियों ने मांग की कि उन्हें खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की जाए। कार्यशाला के माध्यम से कारोबारियों को नियमों, गुणवत्ता मानकों और खाद्य पदार्थों की शुद्धता से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी जाए, ताकि वे नियमों का पालन करते हुए बिना किसी विवाद या अनावश्यक परेशानी के अपना कारोबार संचालित कर सकें।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि त्योहारी सीजन में बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कारोबारियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। हलवाई कारोबारियों ने कहा कि जागरूकता और स्पष्ट दिशा-निर्देशों के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ कारोबारियों के हितों की भी रक्षा की जा सकती है।


