20 क्विंटल फूलों से सजा बाबा केदार का दरबार, दीपावली पर अलौकिक छटा से निखरा केदारनाथ धाम
केदारनाथ। दीपावली के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम को भव्य रूप से सजाया गया है। बाबा केदार के मंदिर और परिसर को करीब 18 से 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक स्वरूप दिया गया है। फूलों से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पर्व के मौके पर धाम की खूबसूरती देखते ही बन रही है।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के अवसर पर केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल एवं रक्षक भगवान भुकुंड भैरवनाथ के कपाट धार्मिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं।
कपाट बंद किए जाने के दौरान स्थानीय हक-हकूकधारी, तीर्थ पुरोहित, मंदिर समिति के सदस्य तथा पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। धार्मिक परंपराओं के अनुसार भैरवनाथ के कपाट बंद होने के बाद अब बाबा केदारनाथ के धाम के कपाट बंद करने की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
मंदिर समिति के अनुसार, आगामी 11 नवंबर को विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही छह माह तक चलने वाली शीतकालीन अवधि के लिए धाम की नियमित पूजा व्यवस्था भी निर्धारित परंपराओं के अनुसार संचालित होगी।


