उत्तराखंड में लोअर पीसीएस भर्ती का विज्ञापन जारी, 54 पदों पर आवेदन शुरू; 26 नवंबर तक मिलेगा मौका

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सम्मिलित राज्य सिविल (अवर) अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 यानी लोअर पीसीएस भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 54 रिक्त पदों को भरा जाएगा। आयोग ने छह नवंबर से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस भर्ती के तहत नायब तहसीलदार, आबकारी निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, कर अधिकारी और गन्ना विकास निरीक्षक समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 26 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए निर्धारित शुल्क

आयोग की ओर से अलग-अलग श्रेणियों के लिए आवेदन शुल्क तय किया गया है। अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों को 166.36 रुपये शुल्क जमा करना होगा। वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 76.36 रुपये निर्धारित किया गया है।

प्रदेश के 19 शहरों में होगी प्रारंभिक परीक्षा

लोअर पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा उत्तराखंड के 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चंपावत, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, खटीमा, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग शामिल हैं।

प्रारंभिक परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी। इसमें 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को पेपर हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा।

मुख्य परीक्षा 600 और इंटरव्यू 75 अंकों का

चयन प्रक्रिया के अगले चरण में मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें चार प्रश्नपत्र शामिल होंगे। पहला प्रश्नपत्र भाषा एवं सामान्य हिंदी का होगा, जो 100 अंकों का रहेगा। दूसरा प्रश्नपत्र निबंध का होगा, जिसके लिए भी 100 अंक निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र 200 अंकों और सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र भी 200 अंकों का होगा। इस तरह मुख्य परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 75 अंकों के साक्षात्कार में शामिल होना होगा।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि: 06 नवंबर 2026
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 26 नवंबर 2026
  • आवेदन पत्र में संशोधन: 03 दिसंबर से 12 दिसंबर 2026

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दिए गए पात्रता मानकों, पदों से संबंधित शर्तों और परीक्षा प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

Ad