नरेंद्रनगर महाविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

खबर शेयर करें -

नरेंद्रनगर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से वीरा फाउंडेशन के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान के महत्व को समझा और इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वीएस नेगी ने किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रक्तदान से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए युवाओं को आगे आने के लिए प्रेरित किया।

वीरा फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य विनोद डोभाल ने विद्यार्थियों को रक्तदान की महत्ता बताते हुए इसे मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। वहीं, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज फोंदनी ने छात्राओं को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

नशे के दुष्प्रभावों पर भी दी जानकारी

शिविर के दौरान महाविद्यालय की एंटी ड्रग सेल की ओर से जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों डॉ. सृचना सचदेवा, डॉ. कमल कुमार बिष्ट, डॉ. विजय प्रकाश भट्ट, डॉ. सुशील कुमार कगड़ियाल, आकाश सजवाण, सतेंद्र कुमार और शिशुपाल सहित ऋषिता एवं आयुष रावत ने सहयोग दिया।

वहीं, वीरा फाउंडेशन की तकनीकी टीम में डॉ. सूरज विश्वकर्मा, अमन रंधावा, अभिषेक राजपूत, विजय किशोर और पूजा भारद्वाज शामिल रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को रक्तदान, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Ad